Thursday, August 16, 2018

श्री शिवपुराण – माहात्म्य ( पोस्ट 14 ) विद्येश्वर संहिता

श्री शिवपुराण – माहात्म्य ( पोस्ट 14 )

                 विद्येश्वर संहिता

                  अध्याय – १०

विषय - पाँच कृत्यों का प्रतिपादन, प्रणव एवं पंचाक्षर-मन्त्र की महत्ता, ब्रह्मा-विष्णुद्वारा भगवान शिवकी स्तुति तथा उनका अंतर्धान

ब्रह्मा और विष्णु ने पूछा – प्रभो ! सृष्टि आदि पाँच कृत्यों के लक्षण क्या है, यह हम दोनों को बताइये |

भगवान् शिव बोले – मेरे कर्तव्यों को समझना अत्यंत गहन हैं, तथापि मैं कृपापूर्वक तुम्हें उनके विषय में बता रहा हूँ |
         ब्रह्मा और अच्युत ! ‘सृष्टि’, ‘पालन’, ‘संहार’, तिरोभाव’ और ‘अनुग्रह’ – ये पाँच ही मेरे जगत-संबंधी कार्य है, जो नित्यसिद्ध है | संसार की रचना का जो आरम्भ हैं, उसीको सर्ग या ‘सृष्टि’ कहते हैं | मुझसे पालित होकर सृष्टि का सुस्थिररूप से रहना ही उसकी ‘स्थिति’ है | उसका विनाश ही ‘संहार’ है | प्राणों के उत्क्रमण को ‘तिरोभाव’ कहते है | इन सबसे छुटकारा मिल जाना ही मेरा ‘अनुग्रह’ हैं | इस प्रकार मेरे पाँच कृत्य हैं | सृष्टि आदि जो चार कृत्य हैं, वे संसार का विस्तार करनेवाले हैं | पाँचवाँ कृत्य अनुग्रह मोक्ष का हेतु हैं | वह सदा मुझ में ही अचल भाव से स्थिर रहता है | मेरे भक्तजन इन पाँचों कृत्यों को पाँचों भूतों में देखते हैं | सृष्टि भूतल में, स्थिति जल में , संहार अग्निमें, तिरोभाव वायु में और अनुग्रह आकाश में स्थित हैं | पृथ्वी से सबकी सृष्टि होती हैं | आग सबको जला देती हैं | वायु सबको एक स्थान से दुसरे स्थान को ले जाती है और आकाश सबको अनुगृहित करता है |विद्वान पुरुषों को यह विषय इसी रूप में जानना चाहिये | इन पाँच कृत्यों का भारवहन करने के लिये ही मेरे पाँच मुख है | चार दिशाओं में चार मुख हैं और इनके बीच में पाँचवाँ मुख है | पुत्रो ! तुम दोनों ने तपस्या करके प्रसन्न हुए मुझ परमेश्वर से सृष्टि और स्थिति नामक दो कृत्य प्राप्त किये हैं | ये दोनों तुम्हें बहुत प्रिय हैं | इसी प्रकार मेरी विभूतिस्वरुप ‘रूद्र’ और ‘महेश्वर’ में दो अन्य उत्तम कृत्य-संहार और तिरोभाव मुझसे प्राप्त किये हैं | परन्तु अनुग्रह नामक कृत्य दूसरा कोई नहीं पा सकता | रूद्र और महेश्वर अपने कर्म को भूले नहीं हैं | इसलिए मैंने उनके लिये अपनी समानता प्रदान की है | वे रूप, वेष, कृत्य, वाहन, आसन और आयुध आदि में मेरे समान ही हैं |
     मैंने पूर्वकाल में अपने स्वरूपभुत मन्त्र का उपदेश किया है, जो ओंकार के रूप में प्रसिद्ध हैं | वह महामंगलकारी मन्त्र है | सबसे पहले मेरे मुखसे ओंकार (ॐ ) प्रकट हुआ, जो मेरे स्वरूप का बोध करानेवाला हैं | ओंकार वाचक है और मैं वाच्य हूँ | वह मन्त्र मेरा स्वरूप ही है | प्रतिदिन ओंकार का निरंतर स्मरण करने से मेरा ही सदा स्मरण होता है |
     मेरे उत्तरवर्ती मुख से अकार का, पश्चिम मुख से अकारका, पश्चिम मुखसे उकार का, दक्षिण मुख से मकार का, पूर्ववर्ती मुख से बिंदु का तथा मध्यवर्ती मुख से नाद का प्राकट्य हुआ | इस प्रकार पाँच अवयवों से युक्त ओंकार का विस्तार हुआ है | इन सभी अवयवों से एकीभूत होकर वह प्रणव ‘ॐ’ नामक एक अक्षर हो गया | यह नाम-रूपात्मक सारा जगत तथा वेद उत्पन्न स्त्री-पुरुषवर्ग रूप दोनों कुल इस प्रणव-मन्त्र से व्याप्त हैं | यह मन्त्र शिव और शक्ति दोनों का बोधक हैं | इसीसे पंचाक्षर-मन्त्र की उत्पत्ति हुई है, जो मेरे सकल रूप का बोधक हैं | वह अकारादि क्रमसे और मकारादि क्रम से क्रमश: प्रकाश में आया है (‘ॐ नम:शिवाय’ यह पंचाक्षर-मन्त्र हैं) | इस पंचाक्षर-मन्त्र से मातृका वर्ण प्रकट हुए हैं, जो पाँच भेदवाले हैं |

अ इ उ ऋ लू – ये पाँच मुलभुत स्वर हैं तथा व्यंजन भी पाँच – पाँच वर्णों से युक्त पाँच वर्गवाले हैं |

      उसीसे शिरोमंत्रसहित त्रिपदा गायत्री का प्राकट्य हुआ है | उस गायत्री से सम्पूर्ण वेद प्रकट हुए है और उन वेदों से करोड़ों मन्त्र निकले हैं | उन-उन मन्त्रों से भिन्न-भिन्न कार्यों की सिद्धि होती है; परन्तु इस प्रणव एवं पंचाक्षर से सम्पूर्ण मनोरथों की सिद्धि होती है | इस मन्त्रसमुदाय से भोग और मोक्ष दोनों सिद्ध होते हैं | मेरे सकल स्वरूप से सम्बन्ध रखनेवाले सभी मन्त्रराज साक्षात भोग प्रदान करनेवाले और शुभकारक (मोक्षप्रद) हैं |

     नंदिकेश्वर कहते हैं – तदनंतर जगदम्बा पार्वती के साथ बैठे हुए गुरुवर महादेवजी ने उत्तराभिमुख बैठे हुए ब्रह्मा और विष्णु को पर्दा करनेवाले वस्त्र से आच्छादित करके उनके मस्तकपर अपना करकमल रखकर धीरे-धीरे उच्चारण करके उन्हें उत्तम मन्त्र का उपदेश किया | मन्त्र-तंत्र में बतायी हुई विधि के पालनपूर्वक तीन बार मन्त्र का उच्चारण करके भगवान शिवने उन दोनों शिष्यों को मन्त्र की दीक्षा दी | फिर उन शिष्यों ने गुरुदक्षिणा के रूप में अपने-आपको ही समर्पित कर दिया और दोनों हाथ जोडकर उनके समीप खड़े हो उन देवेश्वर जगद्गुरु का स्तवन किया |

       ब्रह्मा और विष्णु बोले – प्रभो ! आप निष्कलरूप हैं | आपको नमस्कार हैं | आप निष्कल तेज से प्रकाशित होते है | आपको नमस्कार हैं | आप सबके स्वामी हैं | आपको नमस्कार हैं | आप सर्वात्मा को नमस्कार हैं अथवा सकल-स्वरुप आप महेश्वर को नमस्कार है | आप प्रणव के वाच्यार्थ हैं | आपको नमस्कार हैं | आप प्रणवलिंगवाले हैं | आपको नमस्कार हैं | सृष्टि, पालन, संहार, तिरोभाव और अनुग्रह करनेवाले आपको नमस्कार हैं | आपके पाँच मुख है | आप परमेश्वर को नमस्कार है | पंचब्रह्मस्वरुप पाँच कृत्यवाले आपको नमस्कार हैं | आप सबके आत्मा हैं, ब्रह्म हैं | आपके गुण और शक्तियाँ अनंत हैं, आपको नमस्कार हैं | आपके सकल और निष्कल दो रूप है | आप सद्गुरु एवं शम्भु हैं, आपको नमस्कार हैं |

नमो निष्कलरूपाय नमो निष्कलतेज से |
नम: सकलनाथाय नमस्ते सकलात्मने ||
नम: प्रणववाच्याय नम: प्रणवलिंगिने |
नम: सृष्टयादिकों च नम: पंचमुलाय ते ||
पञ्चब्रह्मस्वरूपाय पंचकृत्याय ते नम: |
आत्मने ब्रह्मणे तुभ्यमनन्तगुणशक्तये ||
सकलाकलरूपाय शम्भवे गुरवे नम: | (शिवपुराण वि.सं – १०/२८)

इन पद्योंद्वारा अपने गुरु महेश्वर की स्तुति करके ब्रह्मा और विष्णु ने उनके चरणों में प्रणाम किया |

    महेश्वर बोले – ‘आर्द्रा’ नक्षत्र से युक्त चतुर्दशी को प्रणव का जप किया जाय तो वह अक्षय फल देनेवाला होता है | सूर्य की संक्रान्ति से युक्त महा-आर्द्रा नक्षत्र में एक बार किया हुआ प्रणव-जप कोटिगुने जप का फल देता हैं |‘मृगशिरा’ नक्षत्र का अंतिम भाग तथा ‘पुर्नवसु’ का आदिमभाग पूजा, होम और तर्पण आदि के लिये सदा आर्द्रा के समान ही होता हैं – यह जानना चाहिये | मेरा या मेरे लिंग का दर्शन प्रभातकाल में ही – प्रात: और संगव (मध्यान्ह के पूर्व) काल में करना चाहिये | मेरे दर्शन-पूजन के लिये चतुर्दशी तिथि निशीथव्यापिनी अथवा प्रदोषव्यापिनी लेनी चाहिये; क्योंकि परवर्तिनी तिथिसे संयुक्त चतुर्दशी की ही प्रशंसा की जाती है | पूजा करनेवालों के लिये मेरी मूर्ति तथा लिंग दोनों समान हैं, फिर भी मूर्ति की अपेक्षा लिंग का स्थान ऊँचा हैं | इसलिये मुमुक्षु पुरुषों को चाहिये कि वे वेर (मूर्ति) से भी श्रेष्ठ समझकर लिंग का ही पूजन करें | लिंग का ॐकार मन्त्र से और वेर का पंचाक्षर मन्त्र से पूजन करना चाहिये | शिवलिंग की स्वयं ही स्थापना करके अथवा दूसरों से भी स्थापना करवाकर उत्तम द्रव्यमय उपचारों में पूजा करनी चाहिये | इससे मेरा पद सुलभ हो जाता हैं |

इसप्रकार उन दोनों शिष्यों को उपदेश देकर भगवान शिष्य वहीँ अन्तर्धान हो गये |

- ॐ नम: शिवाय –

No comments:

Post a Comment